विरासत महोत्सव में स्कूली बच्चों के हुनर से सामने आईं आकर्षक कला कृतियां

देहरादून। रीच संस्था द्वारा आयोजित विरासत महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘सिट एंड ड्रॉ’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजित की गई इस प्रतियोगिता में 13 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने मौके पर पहुंचकर भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 275 प्रतिभागियों की सहभागिता रही। प्रतियोगिता का विषय ‘माय सिटी एंड नेचर’ (मेरा शहर और प्रकृति) रखा गया। इस विषय के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने शहर, उसके परिवेश, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण से जुड़े विचारों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। बच्चों ने रंगों और कल्पनाशीलता के जरिए अपने विचारों को कागज पर खूबसूरती से उकेरा।
प्रतियोगिता में स्मॉल बेल्स (मल्टी एक्टिविटी हब), दून प्रेसीडेंसी स्कूल, सेंट जूड्स स्कूल, ब्रुकलिन स्कूल, दून सरला अकादमी, पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज (आसरा ट्रस्ट), फ्लाईफोट पब्लिक स्कूल, दून इंटरनेशनल स्कूल सिटी कैंपस, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बालावाला, ज्ञानंदा स्कूल फॉर गर्ल्स, दिल्ली पब्लिक स्कूल विकासनगर, आर्मी पब्लिक स्कूल क्लेमेंट टाउन और वेलहम बॉयज स्कूल के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया।