
देहरादून,31 दिसंबर,विजिलेंस के डायरेक्टर डॉ.वी.मुरुगेशन ने बताया कि विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025 के दौरान प्रदेश में 21 ट्रैप प्रकरणों में विभिन्न विभागों के 26 अभियुक्तों,जिसमे 6 राजपत्रित एवं 20 अराजपत्रित अधिकारियों को कुल ₹5,94,100/- (पांच लाख चौरानवे हजार एक सौ रुपये) की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है,विजिलेंस मुख्यालय में मीडिया से मुखातिब होते हुए श्री मुरुगेशन ने कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के अंतर्गत वर्ष 2025 में की गई कई प्रमुख कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया उन्होंने इसका उल्लेख करते हुए बताया कि……
- वर्ष 2025 में सतर्कता अधिष्ठान द्वारा कुल 21 ट्रैप प्रकरणों में विभिन्न विभागों के 26 अभियुक्तों (06 राजपत्रित एवं 20 अराजपत्रित) को कुल ₹5,94,100/- (पांच लाख चौरानवे हजार एक सौ रुपये) की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
- इसी क्रम में टोल फ्री नंबर 1064 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025 में 14 प्रकरणों में विभिन्न विभागों के 17 अभियुक्तों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस अवसर पर निदेशक सतर्कता महोदय द्वारा प्रत्येक सफल ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार प्रदान किए जाने की घोषणा की गई।
- वर्ष 2025 में सतर्कता अधिष्ठान द्वारा 05 खुली जांच, 02 अन्वेषण एवं 21 ट्रैप प्रकरणों सहित कुल 28 प्रकरणों का सफल निस्तारण किया गया।
- वर्ष 2025 में 20 प्रकरणों में अभिसूचना संकलन करते हुए आय से अधिक संपत्ति से संबंधित खुली जांच एवं अभियोग पंजीकरण हेतु शासन को आख्या प्रेषित की गई।
- विगत वर्ष में सतर्कता अधिष्ठान द्वारा की गई प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप भ्रष्टाचार के 06 प्रकरणों में से 03 प्रकरणों में अभियुक्तों को सजा दिलाई गई।
- सतर्कता अधिष्ठान में स्थापित टोल फ्री नंबर 1064 एवं वेबसाइट के माध्यम से वर्ष 2025 में कुल 2209 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 470 विजिलेंस एंगल की तथा 1739 नॉन-विजिलेंस एंगल की थीं। विजिलेंस एंगल की शिकायतों में 14 मामलों में ट्रैप की कार्रवाई की गई तथा 02 प्रकरणों को खुली जांच हेतु शासन को प्रेषित किया गया। वहीं 83 प्रकरणों में शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों/शासन को भेजा गया।
- शिकायतकर्ताओं को ट्रैप में प्रयुक्त धनराशि वापस किए जाने हेतु शासन स्तर पर रिवॉल्विंग फंड की स्थापना की गई है। इस व्यवस्था के अंतर्गत अब तक 15 शिकायतकर्ताओं (10 देहरादून एवं 05 सेक्टर हल्द्वानी) को कुल ₹2,47,500/- की धनराशि वापस की जा चुकी है।
भविष्य की कार्ययोजना—
- एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण।
- केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सतर्कता अधिष्ठान के कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करना।
- भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी विभागों के अधिकारियों तथा नामित नोडल अधिकारियों के साथ गोष्ठियों का आयोजन।
- पर्वतीय जनपदों के नागरिकों से अपील की गई कि वे भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें 24×7 हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर दर्ज कराएं और निर्भीक होकर आगे आएं।
पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान मुख्यालय प्रहलाद नारायण मीणा तथा पुलिस अधीक्षक, सेक्टर देहरादून स्वतंत्र कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
